चिंतपूर्णी मर्डर केस का आरोपी फरार

ऊना। चिंतपूर्णी में होटल के कमरे में युवती की हत्या मामले में आरोपी युवक फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पंजाब पुलिस से भी कांगड़ा पुलिस संपर्क बनाए हुए है। पुलिस की एक टीम शनिवार को देहरा पुलिस थाना के एसएचओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में लुधियाना गई थी। एसएचओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि वारदात की शिकार युवती और उसके साथ आया युवक दोनों लुधियाना के रहने वाले हैं। आरोपी युवक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र नरेंद्र पाल के रूप में हुई है। युवती जालंधर में एक डेंटल क्लीनिक में नौकरी करती थी, जबकि युवक की लुधियाना में दुकान है। आरोपी युवक और युवती दोनों सैंट्रो कार में बैठकर चिंतपूर्णी आए थे। यह सैंट्रो कार आरोपी युवक के एक दोस्त की है। जालंधर में युवती पेइंग गेस्ट के तौर पर एक मकान में रहती थी। मकान की मालकिन को युवक और युवती ने बताया कि उनकी सगाई होने वाली है, इसलिए वे माथा टेकने चिंतपूर्णी जा रहे हैं। महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि युवती ने घर से निकलते समय किस रंग के कपड़े पहने हुए थे। पुलिस ने लुधियाना में मृतका के परिजनों और आरोपी युवक के परिजनों से भी पूछताछ की है। आरोपी युवक पुलिस को घर पर नहीं मिला। उसका मोबाइल नंबर भी स्विच आफ है। लुधियाना में युवक और युवती के घर का फासला कुछ ही कदम का है। एसएचओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि आरोपी युवक भी पहले जालंधर में एनकें आदि बनाने का काम करता था। इस वजह से उसकी डेंटल क्लीनिक पर वारदात की शिकार युवती से गहरी जान पहचान हो गई थी। युवक ने अकेले ही इस युवती का होटल में कत्ल किया या उसके साथ कोई और भी था। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच कर रही है। एसएचओ ने दावा किया है कि आरोपी युवक जल्द सलाखों के पीछे होगा।

Related posts