ससुरालियों ने दामाद को पहुंचाया हवालात

अंब (ऊना)। एक व्यक्ति ने शनिवार देर रात्रि अपने ही ससुराल में आकर जमकर हुड़दंग मचाया। इसकी शिकायत उसी की पत्नी ने पुलिस को दे डाली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल के तहत पड़ते घनारी के एक व्यक्ति का ससुराल उपमंडल मुख्यालय अंब के पास है। उसकी पत्नी इन दिनों मायके आई हुई थी, जिससे मिलने वह अपने ससुराल आ पहुंचा। देर शाम उसकी अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते-देखते झगड़ा इतना बढ़ा कि व्यक्ति ने अपने ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ भी लड़ाई शुरू कर दी। पति की इस हरकतों से पत्नी के सब्र टूट गया और उसने पुलिस थाने में शिकायत दे डाली। उधर, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह व्यक्ति हरकतों से बाज नहीं आया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसे रविवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे हिदायत देते हुए निजी मुचलके पर छोड़ा गया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि देर शाम महिला की शिकायत पर उसके पति को पकड़ कर लाया गया था। उसे रविवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उसे हिदायत देते हुए निजी मुचलके पर छोड़ा गया।

Related posts