
रामपुर बुशहर। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के गृह क्षेत्र में मतगणना के दिन सुबह से ही जश्न सा माहौल रहा। रविवार को जैसे ही उपचुनाव के पहले राउंड के नतीजे आए तो कांग्रेसियों ने मिठाइयां बांटनी शुरू कर दीं। कुल 14 राउंड में चली मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह आगे ही रहीं। भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर कहीं भी आगे नहीं निकले। मतगणना पूरी होने पर रामपुर शहर जश्न में डूब गया और ढोल नगाड़ों की थाप पर कांग्रेसियों ने शहर भर में विजयी रैली निकाली।
मंडी उपचुनाव के लिए रामपुर निर्वाचन क्षेत्र में पड़े मतों की गिनती पदम स्कूल में हुई। सुबह आठ बजे गिनती शुरू हुई और 8 बजकर 28 मिनट में पहले राउंड के नतीजे आए। पहले ही राउंड में प्रतिभा सिंह को 1609 मतों की लीड मिली। 8: 43 बजे आए दूसरे राउंड में प्रतिभा की लीड 2917 पहुंची। नौ बजे तीसरे राउंड के नतीजे आए, तो प्रतिभा की लीड 4601 पहुंच गईं। इसी तरह प्रतिभा सिंह को राउंड वाइज राउंड बढ़त मिलती रही और भाजपा प्रत्याशी जयराम पिछड़ते रहे। करीब 11 बजे जब 14वें एवं आखिरी राउंड के नतीजे घोषित किए गए तो प्रतिभा की लीड 24,099 पर पहुंच गई। आखिरी राउंड के नतीजे घोषित होने के बाद पदम स्कूल मैदान में ढोल नगाड़े बजने लगे और यहां बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेसियों ने नाचना शुरू कर दिया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने यहां के विधायक नंदलाल को काउंटिंग हॉल से बाहर आने पर फूल मालाओं से लाद दिया। उसके बाद विधायक के साथ कांग्रेसियों ने बाजार में विजयी जुलूस निकाल कर खुशियां मनाईं।
