
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के तहसील कार्यालय के कंप्यूटर कक्ष के कमरे की हालत काफी खराब हो गई है। हालत यह है कि कंप्यूटर कक्ष के कमरे में दरार आ गई है तथा छत से पानी टपक रहा है लेकिन मरम्मत के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया है। राजस्व विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया गया तो कभी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने कंप्यूटर कक्ष की हालत में सुधार लाने की मांग की।
बड़सर तहसील कार्यालय के किनारे के कमरे को कंप्यूटर कक्ष बनाया गया है। कंप्यूटर कक्ष चौड़ाई में कम है। कमरे में कामकाज के लिए आए लोगों को बैठने के लिए उचित व्यवस्था तो दूर की बात खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है।
कंप्यूटर कक्ष में चार कंप्यूटर लगाए गए हैं। कमरे की हालत यह है कि कमरे की छत से पानी टपक रहा है। कमरे में फाइलें रखने के लिए कोई अलमारी तक उपलब्ध नहीं है। कमरे की दीवार पर दरार आ गई है। तहसील कार्यालय पास लोगों के लिए बने शौचालय बंद पड़े हैं। कमरे के दरवाजे के साथ लगा डंगा पिछले वर्ष गिर गया था लेकिन एक साल से डंगे को दोबारा नहीं लगाया गया। कमरे की दीवार बैठने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे खड़ा है।
स्थानीय लोगों सतीश कुमार, संजय कुमार, विनोद कुमार, रवि कुमार, देश राज, राजेश कुमार, विजय कुमार, अजीत कुमार सहित अन्य कई लोगों ने कंप्यूटर कक्ष के कमरे की हालत सुधारने की बात की है। बड़सर तहसीलदार एस ठाकुर ने बताया कि बजट होने पर कमरे की मरम्मत करवा दी जाएगी। कंप्यूटर कक्ष को दूसरे कमरे में बदलना विभाग के विचाराधीन है।
