
भुंतर (कुल्लू)। मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने शनिवार को तीन चरस तस्करों साढ़े चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तस्करों से साढे़ चार किलो चरस मौके से बरामद कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पहले मामले में नेपाली शख्स विजय राज को चूटी बिहाली के पास 3 किलो 900 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। दूसरे मामले में पुलिस नेपाल के ही रहने वाले भीम सूरी को मणीकर्ण के घाटीघाट में 650 ग्राम और तीसरे मामले में उत्तराखंड के राजू को पेट्रोलिंग के दौरान मणीकर्ण पुल के पास 4 ग्राम एलएसडी के साथ दबोचा है। बिहाली के पास तीन किलो नौ सौ ग्राम चरस की खेप पीएसआई योगराज की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने बरामद की है।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 20 और 21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस का नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
