करंट लगने से कामगार की मौत

अंब (ऊना)। उपमंडल मुख्यालय पर शुक्रवार देर रात पेश आए हादसे में एक व्यक्ति की करंट लगने के कारण मौत हो गई। हादसे के फौरन बाद उसे अंब स्थित चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद वारिसों को सौंप दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम अंब क्षेत्र में मजदूरी करने वाला 23 वर्षीय युवक जितेंद्र राय पुत्र सुखजीत राय निवासी दरियापुर जिला छपरा (बिहार) कपड़े धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए तार पर डालने के लिए छत पर चला गया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो उसके साथी उसे देखने छत पर गए, जहां वह गिरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत उसे अचेत अवस्था में ही खंड चिकित्सालय अंब पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी अंब मदन कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। ऊना में शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में तहकीकात आरंभ कर दी है।

Related posts