बंगाणा में पकड़ी सोने की बड़ी खेप

ऊना। आबकारी एवं कराधान विभाग के उड़नदस्ते ने बिना बिल के हमीरपुर ले जाए जा रहे सोने की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। टीम ने मौके पर सोना ले जा रहे व्यक्ति को लगभग नौ लाख 91 हजार 328 रुपये का जुर्माना लगाया है। पकड़े गए सोने की कीमत लगभग 38 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी एवं कराधान विभाग के डीटीसी देवराज शर्मा, एईटीओ एएन शर्मा, कांस्टेबल रमन कुमार और राजेंद्र पाल की टीम ने यह कार्रवाई की है।
आबकारी एवं कराधान विभाग के डीटीसी देवराज शर्मा ने बताया कि उन्हाेंने थानाकलां में नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान वहां से इंडिगो कार नंबर एचपी 21 5474 गुजरी। टीम ने संदेह के आधार कार का पीछा करना शुरू किया, जिसे बंगाणा की चढ़ाई में रोक लिया गया। कार को हमीरपुर निवासी अनिल कुमार चला रहे थे। कार को चैक करने पर टीम ने उसमें से 38 लाख 12 हजार रुपये मूल्य के लगभग एक किलो 600 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। उन्होंने बताया कि यह आभूषण लुधियाना ले लाए गए थे और हमीरपुर ले जाए जा रहे थे। टीम की ओर से मांगे जाने पर न तो कार सवार कोई दस्तावेज दिखा पाया और न ही सोने का कोई बिल दे सका। इसके चलते टीम ने उसे नौ लाख 91 हजार 328 रुपये का जुर्माना लगाया। इससे पूर्व इसी माह पंडोगा बैरियर पर भी तीन अलग-अलग घटनाओं में बिना बिल सूबे में लाई जा रही चांदी और सोना बरामद किए जा चुके हैं।

Related posts