
ऊना। जिले के धार्मिक, एवं ऐतिहासिक स्थलों पर पर्यटकों के लिए सुविधाओं में बढ़ोतरी करने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने पर छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी डीसी अभिषेक जैन ने शनिवार को बैठक में जिला ऊना में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए क्रियान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के बाद दी।
डीसी ने कहा कि जिले के कई स्थलों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है और ‘हर गांव की कहानी’ योजना के तहत चयनित गांवों में पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाएं सृजित की जा रही हैं। अभी तक ऐसे सात चयनित गांवों में पर्यटन विभाग द्वारा 77 बैंच लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सोलहसिंगी धार में लाइटें, ट्रैक रोड, शौचालय और रैन शेल्टर निर्मित किए जाएंगे ताकि पर्यटक यहां आकर घाटी का सौंदर्य अवलोकन कर सकें। डीसी ने कहा कि ऊना जिला की अपनी एक गौरवपूर्ण सांस्कृतिक विरासत है और यहां धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ नैसर्गिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से उभारने की काफी संभावनाएं हैं। बैठक में एडीसी दर्शन कालिया, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक संदीप सूद एवं जिले के सभी खंड विकास अधिकारी भी उपस्थित थे।
