दूसरी कटऑफ कई और को मिलेगा मौका

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में पहली लिस्ट के दाखिले शनिवार को खत्म होंगे, लेकिन प्रशासन ने अभी से दूसरी कटऑफ की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दूसरी कटऑफ लिस्ट कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर 1 जुलाई को चस्पा होगी। रविवार को ही कॉलेज वेबसाइट व डीयू की वेबसाइट पर दूसरी कटऑफ को देख सकेंगे। चूंकि पहली कटऑफ लिस्ट के दाखिलों में कैंपस कॉलेजों में भी कई कोर्सेज में सीटें नहीं भर पाएंगी इसलिए दूसरी लिस्ट के कई कोर्सेज में छात्रों के पास कैंपस कॉलेजों में भी अवसर रहेंगे।
डीयू की दूसरी कटऑफ लिस्ट के दाखिलों का सिलसिला पहली जुलाई से 3 जुलाई तक चलेगा। विशेषज्ञों की मानें तो दूसरी कटऑफ लिस्ट में छात्रों को कुछ कॉलेजों में बीकॉम ऑनर्स, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रानिक्स में दाखिले के अवसर उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। इसका सबसे बड़ा कारण यही है कि कुछ कैंपस कॉलेजों में पहली लिस्ट के दाखिलों के तीसरे दिन ही इन कोर्सेज की सीटें फुल होने की संभावना है। ऐसे में कैंपस कॉलेजों में बचे हुए कोर्सेज में ही दूसरी कटऑफ लिस्ट जारी होगी। जिन कॉलेजों में प्रमुख कोर्सेज की दूसरी लिस्ट जारी होगी भी तो उसमें बेहद मामूली अंतर होगा।
वहीं, जानकारों के मुताबिक दूसरी कटऑफ लिस्ट में छात्रों के पास आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में ज्यादा बेहतर मौके होंगे। इसका कारण पहली लिस्ट में कैंपस कॉलेजों पर जोर दिया जाना रहा है। इसके चलते आउट ऑफ कैंपस कॉलेजों में सीटें मिल सकती हैं।

Related posts