
हमीरपुर। बहन ने भाई पर धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। पुलिस थाना भोरंज में मामला दर्ज हुआ है। बहन ने पिता की झूठी वसीयत बनाने तथा पिता के खाते से 1.50 लाख रुपये की राशि निकालने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंकी देवी पत्नी स्व. रिखी राम निवासी अप्पर अंदौरा, अंब ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके मायके जाहू कलां हमीरपुर में हैं। उसके पिता 12 मई से 28 मई तक काफी बीमार रहे। बीमारी के दौरान उसके साथ अंब में थे। 29 मई को पिता की मृत्यु हो गई। पिता की बीमारी के दौरान उसके भाई ने पिता के खाते से डेढ़ लाख रुपये की राशि निकाल ली तथा 18 मई को उसके भाई ने पिता की झूठी वसीयत बनवा ली। परंतु इस दौरान उसके पिता अंब (ऊना) में थे। पिंकी ने कहा कि जब उसने भाई से बात की तो उसने गाली गलौज किया तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पिंकी की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कर लिया है। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान का कहना है कि पुलिस ने सुरेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
