
भोटा (हमीरपुर)। स्वास्थ्य केंद्र भोटा में स्टाफ का टोटा चल रहा है। अस्पताल में रोगियों को उपचार, सहित अन्य कार्य आदि करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभाग को समस्या के प्रति अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्वास्थ्य केंद्र में तैनात लिपिक को डेप्यूटेशन पर बड़सर अस्पताल भेजा गया है। हालांकि उसे तीन दिन भोटा और तीन दिन बड़सर अस्पताल में सेवाएं देनी थी लेकिन गत दो सप्ताह से लिपिक मात्र बड़सर अस्पताल में ही सेवाएं दे रहा है। इस कारण स्वास्थ्य केंद्र भोटा का कामकाज ठप हो गया है। स्वास्थ्य केंद्र में डेंटिस्ट का पद भी रिक्त चल रहा है। करीब दो माह पहले डेंटिस्ट का तबादला हो गया था। उसके बाद किसी भी डेंटिस्ट की तैनाती नहीं की गई है जिस कारण बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेकिभनशियन का पद भी करीब तीन साल से रिक्त चल रहा है। लोगों ने रिक्त पड़े पद को कई बार भरने की मांग उठाई लेकिन अभी तक पद रिक्त पड़ा हुआ है। क्षेत्र के लोगों में संबंधित विभाग के प्रति मलाल है।
उधर, सीएमओ डॉ. पीआर कटवाल का कहना है कि लिपिक डेप्यूटेशन पर है। तीन दिन भोटा और तीन दिन बड़सर अस्पताल में सेवाएं देगा। शेष रिक्त पदों के बारे उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
