बड़े फायदे को कर्मचारी नेताओं में यारी

कुल्लू। जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। कभी एक दूसरे के विरोध में रहे कर्मचारी गुटों के नेताओं ने अब कर्मचारी हितों के लिए एकसाथ लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। कर्मचारी महासंघ के प्रधान आशु गोयल और राज्य उपाध्यक्ष एलआर गुलशन ने कर्मचारी हितों को लेकर एकसाथ काम करने का निर्णय लिया है। पहले दोनों नेताओं में छत्तीस का आंकड़ा था। लेकिन अब 63 में बदल चुका यह आंकड़ा कर्मचारियों के लिए कितना फायदेमंद साबित होगा इसका पता गठजोड़ के बाद ही चल पाएगा।
पहले दोनों गुटों ने चुनाव करवाने की अलग-अलग तिथियां तय की थीं लेकिन अब दोनों ने एकसाथ चुनाव करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए दोनों ने चुनाव की देखरेख के लिए मिलकर एक कमेटी का गठन भी कर लिया है। इस कोर कमेटी में आशु गोयल, एलआर गुलशन, एसआर आजाद, दलीप सरोट और होशियार सिंह जंबाल को शामिल किया गया।
दोनों नेताओं का कहना है कि उन्होंने कर्मचारी हितों को लेकर यह फैसला लिया है। जिला के चुनाव 15 जुलाई को राज्य पर्यवेक्षक एवं सभी खंडों के पदाधिकारियों एवं विभागीय इकाइयों के पदाधिकारियों की मौजूदगी में करवाए जाएंगे। 30 जून तक सदस्यता अभियान को पूरा करवाया जाएगा। इसके बाद खंड स्तर के चुनाव होंगे। दोनों नेताओं ने कहा कि महासंघ भवन की जिलाधीश कार्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा की गई जांच में धन के दुरुपयोग का मामला सामना आया है। इसको लेकर भी महासंघ विजिलेंस और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाएगा।

Related posts