खेल कोटे की सीटों को हंगामा

ऊना। जिला मुख्यालय स्थित पीजी कालेज में स्नातक कक्षाओं में खेल कोटे के लिए आरक्षित सीटों को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कालेज प्रशासन पर सीटों के आवेटन में धांधली करने का आरोप लगाते हुए प्राचार्य कक्ष के समक्ष नारेबाजी कर डाली। माहौल को उग्र होते देख कालेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना देते हुए सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग कर दी। इस पर कई पुलिस कर्मी वर्दी और सिविल में कालेज परिसर में पहुंच गए। देखते ही देखते कालेज कैंपस पुलिस छावनी में तबदील हो गया। लेकिन सीटों के आवंटन को लेकर विरोध जता रहे छात्रों पर इसका कोई असर नजर नहीं आ रहा था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं में जसविंद्र सिंह, विकास कुमार, रंजन, विकास बंटी सहित कइयों ने आरोप लगाया है कि स्नातक कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया में खेल कोटे में धांधली की जा रही है। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश देने की बजाय दबाव में आकर अपात्र छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रशासन के फैसले को अनुचित ठहराते हुए उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया जिस छात्र ने खेल कोटे में दाखिला लेने के लिए प्रमाण पत्र लगाया, उस खेल प्रमाण पत्र पर न तो कोई तिथि अंकित की गई है, न उस पर सीरियल नंबर है और न ही संघ का लोगो छपा है। दो बजे के बाद वापस कमेटी को बिठाया गया और फार्मों की छानबीन का काम शुरू हुआ, लेकिन इसके बाद भी कालेज प्रशासन की ओर से दी गई एडमिशन को ही मान्य माना गया। कालेज प्राचार्य डा. एसके चावला ने बताया कि किसी भी दाखिले में कोई भी अनियमितता नहीं बरती गई है। सभी दाखिले नियमों के अनुसार किए गए हैं।

Related posts