
फरीदकोट (हाली): दशमेश नगर में पानी की सप्लाई न मिलने व वाटर वक्र्स की पाइपों की हो रही मंदी हालत के कारण कई तरह की मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे यहां के निवासियों द्वारा डिप्टी कमिश्नर दफ्तर समक्ष तीखे रोष का प्रकटावा किया गया, जिस दौरान एडीशनल डिप्टी कमिश्नर मोहन लाल को मांग पत्र सौंपकर इस संबंधी तुरंत कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
इस मौके पर नगर निवासियों जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, ने बताया कि उनके मोहल्ले से संबंधित भूमिगत पानी पूरी तरह खराब होने कारण पीने लायक नहीं है, जिस कारण लोगों को पीने वाला पानी हासिल करने के लिए जल सप्लाई विभाग पर मोहताज होना पड़ रहा है, मगर इसके बावजूद विभाग द्वारा उन्हें पानी मुहैया नहीं करवाया जा रहा है व अगर थोड़ा-बहुत आता भी है तो वह जगह-जगह हो रही लीकेज की भेंट चढ़ रहा है, क्योंकि पिछले लंबे समय से मुरम्मत होने वाली पानी की पाइपें विभाग की लापरवाही के कारण पूरी तरह गल-सड़ चुकी हैं व अगर एक-आध पाइप नई डाली भी गई है तो वह भी लीक होने लग गई है।
इस मौके पर मा. गुरचरन सिंह कंडियारा रिटा. अध्यापक, गुरांदित्ता सिंह, सुखदेव सिंह पांधी, मुनीश कुमार, नसीब कौर, कुलवंत कौर, कृष्णा देवी ने कहा कि सत्ताधारी लोगों व सरकारी विभाग के लोगों द्वारा उनकी बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज करने का मुख्य कारण यहां ज्यादातर एस.सी. वर्ग की आबादी होना भी है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द कोई हल न किया गया तो संघर्ष और तेज करने के साथ-साथ वे आने वाले चुनाव का भी बायकाट करेंगे।
