खेत से बरामद हुआ शव, पुलिस कार्यवाही शुन्य

अबोहर (रहेजा): गत रविवार को पंजपीर टिब्बे के नजदीक स्थित खेत सें बरामद हुए शव के पश्चात परिजनों की शिकायत पर पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई न किए जाने के रोषस्वरूप सैंकड़ों मेहल्ला निवासियों ने रोष प्रदर्शन किया।

मृतक विक्की के पिता जगसीर सिंह ने बताया कि रविवार सुबह उसका पुत्र अपने काम के लिए घर से निकला था लेकिन कुछ समय पश्चात ही उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में वृक्ष से लटकता हुआ मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर मृतक की कथित प्रेमिका व उसके भाई को हिरासत में लिया था लेकिन बिना कार्रवाई के उन्हें छोड़ दिया गया।

4 दिन बाद भी नगर थाना पुलिस द्वारा जांच का बहाना लगाकर मामले को लटकाया जा रहा है। मोहल्लावासियों ने प्रर्दशन करते हुए मृतक की प्रेमिका व उसके भाई के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों ने बताया कि अगर पुलिस ने निष्पक्ष रूप से कथित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की तो थाने का घेराव करते हुए विभिन्न संस्थाओं से सम्पर्क साध कर न्याय प्राप्ति के लिए संघर्ष करेंगे।

इस बाबत जब नगर थाना प्रभारी बलकार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के आधार पर-174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच जारी है। विसरा की रिपोर्ट आने के पश्चात ही अगली कार्रवाई की जाएगी।

Related posts