होटल के कमरे से युवक का शव बरामद

भटिंडा: स्थानीय बैंक बाजार में स्थित एक होटल के एक कमरे से युवक का शव बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार विकास ग्रोवर पुत्र रामचंद्र ग्रोवर निवासी गंगानगर एक कंपनी में कपड़ों की मार्कीटिंग करता था व अक्सर ही उस होटल में आकर रुकता था। गत दिवस वह होटल के कमरा नं. 103 में रुका हुआ था। होटल मैनेजर वेद प्रकाश व अन्य स्टाफ के अनुसार गुरुवार को दोपहर बाद जब उन्होंने कमरे में लगे फोन पर संपर्क किया तो उसने फोन नहीं उठाया।

उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उन्होंने उसके कुछ रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। उक्त रिश्तेदारों ने होटल में पहुचकर कमरे की अंदर से लगी कुंडी को तोड़कर दरवाजा खोला तो देखा कि उसका शव बैड पर पड़ा हुआ था।

उन्होंने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी व सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी कर्मजीत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। होटल के मालिक के मौजूद न होने के चलते पुलिस ने मैनेजर व अन्य स्टाफ के अलावा युवक के रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर कमरे में पड़ा कुछ सामान भी कब्जे में ले लिया।

Related posts