
पटियाला (राजेश): ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री के जिला पटियाला में सैंकड़ों सरपंचों-पंचों के नामजदगी पत्र रद्द करने पर कांग्रेसी भड़क गए।
इस संबंध में पंजाब कांग्रेस के उपप्रधान, पूर्व ग्रामीण विकास व पंचायत मंत्री व हलका सनौर के मौजूदा विधायक लाल सिंह, जिला कांग्रेस प्रधान व हलका राजपुरा के विधायक हरदयाल सिंह कंबोज, पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर व लाल सिंह के राजसी सचिव सुरिन्द्र सिंह खेड़की ने कहा कि गठबंधन सरकार ने जिला पटियाला में सैंकड़ों नामजदगियां रद्द कर लोकतंत्र का नुक्सान कर दिया है।
पंजाब के लोग गठबंधन सरकार से बेहद दुखी थे जिस कारण जिन गांवों में अकाली दल की करारी हार होनी थी, वहां प्रशासन पर दबाव डाल कर विरोधियों के कागज ही जब्त करवा दिए। अकाली दल की इस कार्रवाई को इतिहास के काले अक्षरों में लिखा जाएगा। लाल सिंह ने पत्रकारों को बताया कि जिले में 345 उम्मीदवारों के कागज रद्द किए गए हैं, जो आज तक सबसे बड़ा काला इतिहास है। सरपंची के उम्मीदवारों के 74 व पंची के उम्मीदवारों के 271 कागज रद्द किए गए हैं। सनौर हलके में बड़े स्तर पर इस तरह की गुंडागर्दी हुई है।
जिला कांग्रेस प्रधान तथा विधायक हरदयाल सिंह कंबोज ने कहा कि उनके हलका राजपुरा में सबसे अधिक उम्मीदवारों के नामजदगी-पत्र रद्द करने का कुल्हाड़ा चला है। अकाली-भाजपा नेताओं के इशारे पर प्रशासन ने सरपंची के 26 तथा पंची के 93 उम्मीदवारोंं के कागज रद्द किए हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी यह गुंडागर्दी अधिक देर नहीं चलेगी। घनौर के पूर्व विधायक मदन लाल जलालपुर ने कहा कि घनौर में सरपंची के 7 व पंच के 18 उम्मीदवारों के नामजदगी-पत्र रद्द कर दिए गए हैं, जबकि इससे पहले बड़े स्तर पर विरोधियों पर पुलिस व अन्य कई तरह के दबाव डाल कर उनके कागज ही नहीं भरने दिए गए।
