उत्तराखंड पीड़ितों के लिए एकत्रित की 1.24 लाख की राशि

जालंधर: उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा के कारण मारे गए लोगों के परिजनों की मदद करने के लिए प्राइम मिनिस्टर रिलीफ फंड हेतु राशि एकत्रित करने के लिए जालंधर के नौजवानों ने अनोखी पहल की है, जिससे समाज को एक नई प्रेरणा मिली है। विभिन्न यूनिवर्सिटियों व कालेजों में शिक्षा ग्रहण कर रहे मधुर जैन, अगम सहदेव, रोहण राणा, जपिन्द्र पाल सिंह, ऋषभ गुप्ता, करण हंस, नरेन्द्र महाजन, रिवांत गुप्ता व रिभव खन्ना ने जालंधर के श्री गीता मंदिर माडल टाऊन के बाहर 4 दिनों तक कैम्प लगा कर 1,24,894 रुपए की राशि एकत्रित की,
इन नौजवानों ने कहा कि वह रोजाना शाम 5 से 8.30 बजे तक कैम्प में बैठते थे तथा मंदिर में माथा टेकने के लिए आने वाले लोगों से उन्होंने पीड़ितों की मदद के लिए चंदा एकत्रित किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न लोगों ने 10 रुपए से लेकर 5000 रुपए तक की राशि इसमें दी है। उन्होंने अपने मित्रों को भी मोबाइल व फेसबुक पर संदेश भेज दिए थे ताकि वह भी इसमें योगदान डाल सकें। सम्पन्न घरों के लोगों ने 2100, 3100 व 5000 तक की राशि का योगदान डाला।

उन्होंने कहा कि एक विकलांग व्यक्ति जोकि व्हील चेयर पर था, उसने भी उन्हें पीड़ितों की मदद के लिए कुछ कपड़े भेंट किए। सराहनीय बात यह थी कि रिक्शा चालकों ने भी इसमें 10-10 रुपए का योगदान डाला। अभी वह अपने इस अभियान को आगे जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा एक स्वयंसेवी संगठन बनाने की है जो गरीब परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाने में मदद कर सके।

Related posts