मंदिर-स्कूल के पास ठेका खोलने का विरोध

ऊना। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसोली के तहत पड़ते पीरनिगाह गांव के लोगों ने नियमों को दरकिनार कर मंदिर तथा स्कूल के पास शराब का ठेका और अहाता खोले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संदर्भ में प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को शिकायत पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों में विजय कुमार, जीतू राम, राज कुमार, यशपाल, तारा चंद, रणजोद्ध सिंह, कांता देवी, वीना देवी, मनसो देवी व गंगा देवी का आरोप है कि उनके गांव में शराब का ठेका खोला गया है। उन्होंने बताया कि यह ठेका पीर मंदिर और स्कूल के बिल्कुल पास खोल दिया गया है, जो सरेआम नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में आबकारी एवं कराधान विभाग के अतिरिक्त जिला प्रशासन को भी शिकायत की गई थी, लेकिन उसे पूरी तरह से नजर अंदाज किया गया है। उन्हाेंने बताया कि इसके कारण ग्रामीणों विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को सायं के समय मंदिर आने जाने में कई बाधाएं उत्पन्न होती जा रही हैं। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश को भेजे पत्र में न्याय की गुहार लगाते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई अमल में लाने की मांग की है।
उधर, सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त यूएस राणा का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी गई है। ठेके को स्कूल और मंदिर से 100 मीटर की परिधि से बाहर किया जा रहा है। इसके चलते 30 जून तक का समय वेंडर को दिया गया है, हालांकि जिस जगह को मंदिर बताया जा रहा है, वह विभागीय नियमों के अनुसार मंदिर नहीं, केवल एक पीपल का वृक्ष है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में बाकायदा पंचायत की ओर से विभाग को एनओसी दी गई है, जिसके आधार पर ठेका खोलने की अनुमति दी गई है।

Related posts