दो दुकानों में चोरों ने की सेंधमारी

भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल के तरक्कवाड़ी कस्बे में रात्रि चोरों ने दो दुकानों में सेंधमारी की है और सामान सहित नकदी पर हाथ साफ किया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। घटनाओं में संलिप्त लोगों तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक गारमेंटस दुकान में चोरों ने सेंधमारी की। चोरी की घटना की सूचना दुकान मालिक को स्थानीय दुकानदारों ने दूरभाष पर दी। सोनी कुमार ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दुकान मालिक ने दुकान के अंदर देखा तो दुकान से करीब 27 हजार रुपये की नकदी और 70 हजार रुपये के लगभग रेडिमेड कपड़े गायब थे। क्षेत्र के एक फोटो स्टूडियो को भी चोरों ने निशाना बनाया है। चोर यहां से शातिर करीब 800 रुपये की नकदी, दो मोबाइल, एक फोटो प्रिंटर पर हाथ साफ कर गए हैं।
उधर, भोरंज थाना प्रभारी ओम चंद का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts