नग्गर में निकास नालियों की हालत खस्ता

नग्गर (कुल्लू)। धरोहर गांव नग्गर से रोरिख आर्ट गैलरी तक निकास नालियों की हालत दयनीय हो चुकी है। नालियों में गंदगी भरने से पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों और पर्यटकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग से कई बार आग्रह किया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ।
नग्गर के ग्रामीण मस्त राम, जीत राम कायस्था, लुदर चंद, रोशन लाल, सोहन लाल कायस्था और यशपाल कायस्था ने बताया कई बार लोनिवि महकमे को इस समस्या के बारे में चेताया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग को चेतावनी दी कि अगर जल्द नालियों को दुरुस्त नहीं करवाया तो विभाग का घेराव किया जाएगा। पंचायत समिति सदस्य गोपाल सिंह ने कहा कि धरोहर गांव पर्यटन की दृष्टि से नग्गर कैसल से लेकर रोरिख आर्ट गैलरी तक बहुत महत्त्वपूर्ण है। इन दिनों नालियों की खस्ता हालत से ग्रामीणों सहित पर्यटक भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। बताया कि खासकर मंगलवार को रोहतांग बंद होने के कारण गाड़ियों की आवाजाही अधिक रहती है। इससे नालियों की हालत और दयनीय हो रही है। बीडीसी सदस्य गोपाल सिंह ने कहा कि इस समस्या को लेकर जल्द ही विभाग से बात कर नालियों दुरुस्त करवाएंगे

Related posts