
मैहतपुर (ऊना)। अप्पर देहलां गांव में हजारों रुपयों के विद्युत बिलों ने उपभोक्ताओं के होश उड़ा दिए हैं। गुस्साए उपभोक्ताओं ने बुधवार को स्थानीय पंचायत घर में एकत्रित होकर विद्युत बोर्ड के प्रति गहरा रोष जताया। विद्युत उपभोक्ताओं ने कहा कि तीन महीने के बाद आने वाले बिजली का बिल हजारों में देखकर उनके तो होश उड़ गए। उपभोक्ता केवल कृष्ण को विद्युत बोर्ड ने 92 हजार, वार्ड पंच मुलतान सिंह को 20 हजार, जगत सिंह को 30 हजार, तोता सिंह को 5400, गुरचैन सिंह 5100, रामदास को 5400, जसविंद्र सिंह को चार हजार व सुखदेव सिंह 2700 रुपये बिल थमाया है। निर्मल सिंह, प्रेम सिंह, सरवन सिंह, जसवीर सिंह, कुलविंद्र सिंह, लीला देवी, चंचल सिंह, बलवीर सिंह तथा जीत सिंह माहल को भी हजारों में बिजली का बिल आया है। इन उपभोक्ताओं ने बताया कि पिछले नौ महीनों से बिजली के ऐसे ही बिल आ रहे हैं। अपनी गलती को सुधारने के बजाय विद्युत बोर्ड हर बार गलत बिलों का भुगतान कर रहा है। पंचायत घर में जमा हुए विद्युत उपभोक्ताओं ने अप्पर देहलां के पंचायत प्रधान उजागर सिंह को मौके पर बुलाकर अपना दुखड़ा सुनाया और समस्या हल न होने की सूरत में मुख्य सड़क पर चक्का जाम करने की धमकी दी। प्रधान उजागर सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को वह विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से उठाएंगे और उनके बिलों में हुई गलती को दुरुस्त करवाया जाएगा। इस बीच बिलों को लेकर गुस्साए लोगों द्वारा सड़क जाम की खबर सुनकर विद्युत बोर्ड के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और उपभोक्ताओं के मौके पर ही करीब 64 बिलों में हुई गलती को दुरुस्त करने के लिए अपने साथ कार्यालय ले गए। उधर, विद्युत उपमंडल मैहतपुर से एसडीओ पीसी धीमान ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिजली के बिल ज्यादा आए हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाएगा। उपभोक्ताओं को बिल अदा करने के लिए 29 जून तक का वक्त दे दिया गया है। धीमान ने माना कि मीटरों को तबदील करने से यह समस्या आ रही है।
