हरोली अस्पताल को मिले पांच करोड़

टाहलीवाल (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों को सभी सुविधाओं से सुसज्जित करने को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में हरोली सिविल अस्पताल के लिए 5.25 करोड़ रुपये के बजट को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अग्निहोत्री हीरा नगर पंचायत के दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि हरोली सिविल अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं जुटाई जाएंगी और यहां छह चिकित्सक जनता को अपनी सेवाएं देंगे। बीत एरिया में नए नलकूप लगाने का सिलसिला तेज करने के अलावा हौदियां बनाने, नल लगाने और पानी की पुरानी पाइपें बदलने के लिए 70 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है। इस पर मौसम खुलते ही काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने हीरा नगर पंचायत को विकास कार्यों के लिए पांच लाख की राशि देने का ऐलान किया और सभी पंचायत प्रधानों का आह्वान किया है कि वे विकास के लिए आए धन को जमा रखने के बजाय विकास कार्यों पर खर्च करें। पंचायतों के विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने यहां कभी भी विकास परियोजनाओं पर चर्चा नहीं की, बल्कि मीन-मेख निकालने की प्रवृत्ति अपना कर नकारात्मक भूमिका निभाई है। उद्योग मंत्री ने अपने कार्यक्रमों में सभी विभागों के कनिष्ठ अभियंताओं, इलाके के पटवारियों और संबंधित पंचायतों के सचिवों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए ताकि जनता की विभिन्न समस्याओं पर फौरी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित रहने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हीरा नगर पंचायत की विभिन्न बस्तियों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को इनके निवारण के आदेश दिए। इस अवसर पर हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत राणा, जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी, केसीसी बैंक के निदेशक जोगराज जोगा, जिला कांग्रेस महासचिव संतोष बिट्टू, पंचायत प्रधान सुरेंद्र कौर, संतोख सिंह, जागीर सिंह ठाकुर और मास्टर भगत राम सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts