
सुजानपुर (हमीरपुर)। पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत बैरी गांव से घर लौट रही एक महिला के साथ पूर्व प्रधान ने गाड़ी में बिठाकर अश्लील हरकतें की। इसके चलते महिला ने चलती कार से छलांग लगा दी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने बेटे के साथ सोमवार शाम खरीददारी करने बैरी चली गई। घर लौटते समय उसी के गांव के पूर्व प्रधान ने उसे लिफ्ट दे दी। जब वह घर के पास पहुंची और गाड़ी रोकने को कहा लेकिन पूर्व प्रधान ने गाड़ी नहीं रोकी और उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी। इसके चलते महिला ने चलती कार से छलांग लगा दी। चलती कार से छलांग लगाने के कारण महिला घायल हो गई तथा मौके पर ही बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने महिला को कार में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के पश्चात महिला के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम चौहान का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
