रूसा के खिलाफ एसएफआई का प्रदर्शन

कुल्लू। एसएफआई कुल्लू इकाई ने रूसा प्रणाली के विरोध में मंगलवार को कालेज प्रशासन का घेराव किया। इस दौरान रूसा प्रणाली के तहत विद्यार्थियों को आ रही समस्याओं को भी कालेज प्राचार्या के समक्ष रखा। एसएफआई के इकाई अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कोटिया ने कहा कि महाविद्यालय में 120 सीटें प्रति विषय होनी चाहिए लेकिन यहां साठ सीटें ही रखी गई हैं। इस कारण कई विद्यार्थियों को दाखिला नहीं मिल रहा।
एसएफआई ने विवि प्रशासन से प्रत्येक विषय में 120 सीटें करने की मांग की है। एसएफआई का कहना है कि रूसा प्रणाली छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। भूपेंद्र सिंह कोटिया ने कहा कि प्रदेश के अंदर सैकड़ों बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। सरकार 100 करोड़ की सब्सिडी के लालच में हजारों छात्रों का भविष्य खराब कर रही है। एसएफआई ने विवि और कालेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन कर कक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर एसएफआई के जिला सचिव गोविंद भंडारी ने कहा कि रूसा प्रणाली चलाकर प्रदेश सरकार और विवि ने छात्रों के साथ सरासर अन्याय किया है।

Related posts