
अंब (ऊना)। कुठेरा खैरला के वन क्षेत्र में स्थानीय युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक का चेहरा बुरी तरह बिगड़ चुका था। मृतक के शरीर पर नीले रंग का कुर्ता और सफेद रंग का पायजामा पाया गया। मृतक रविवार को शाम के समय घर से निकला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने अंब नैहरी मार्ग पर एक निजी स्कू ल के सामने वन क्षेत्र में एक व्यक्ति की लाश देखी। इसकी सूचना ग्राम पंचायत प्रधान को दी। प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। जब पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों ने लाश को समीप से देखा तो इसकी शिनाख्त हो पाई। लोगों ने इसकी पहचान पूनम कुमार पुत्र सुभाष चंद निवासी कुठेरा खैरला के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचित किया। मौके का मुआयना करने पर पुलिस ने लाश से कुछ ही दूर पर सल्फास की एक शीशी भी बरामद की है। इससे मृतक द्वारा सल्फास निगलकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जाहिर की जा रही है। उधर, इस घटना के बाद मृतक के परिजन सदमे में हैं। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि पूनम शांत स्वभाव का था। उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी भी नहीं थी। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। डीएसपी अंब मदन कौशल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
