स्वां नदी में ली थी राजीव ने पनाह

ऊना। जिला मुख्यालय के कोर्ट परिसर से फरार हुए हत्यारोपी राजीव कौशल ने पुलिस को चकमा देने के लिए स्वां नदी में पनाह ली थी। कोर्ट परिसर में बाथरूम से छलांग लगाकर राजीव कौशल स्वां नदी की ओर भाग गया था। 17 जून का पूरा दिन स्वां नदी में रहने के बाद वह लोगाे की नजरों से बचते-बचाते ऊना के ब्वायज स्कूल के मैदान में पहुंच गया, जहां उसने पूरी रात गुजारी, लेकिन सुबह होने से ठीक पहले वह छिपते-छिपाते पीरनिगाह रोड के चौक तक पहुंच गया, जहां उसने बस स्टैंड की ओर से आ रहे एक तेल के टैंकर के आगे छलांग लगा दी। युवक को सड़क पर लेटा देख टैंकर चालक ने ब्रेक लगा दी तो हत्यारोपी टैंकर में यह कह कर सवार हो गया कि उसके माता-पिता जा चुके हैं और वह यहां रह गया है। अब उसके पास घर पहुंचने के लिए पैसे भी नहीं हैं। टैंकर चालक ने उसे हिमाचल प्रदेश की सीमा के बाहर नंगल शहर तक लिफ्ट दी और जाते समय उसे 500 रुपये भी थमा दिए। नंगल से बस पकड़ कर राजीव चंडीगढ़ जा पहुंचा, जहां उसने 18 जून की रात चंडीगढ़ के रोज गार्डन में गुजारी। इसी बीच उसने चंडीगढ़ में अपने किसी पुराने परिचित के यहां पनाह ले ली। जहां से पुलिस ने मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे उसे दबोच लिया। इसी बीच पुलिस ने राजीव कौशल की पुरानी कॉल डिटेल भी खंगाल डाली, जिससे उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके। इसी के चलते पहले भी पुलिस 36 घंटे तक उसे चंडीगढ़ में खोजती रही, जबकि अन्य संभावित ठिकानों पर भी पुलिस ने दबिश दी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजीव ने चंडीगढ़ में काली टी-शर्ट, जींस और जूते भी खरीदे हैं।

Related posts