
दुलैहड़ (ऊना)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीत एरिया के अपने एक सप्ताह के प्रवास के दौरान दुलैहड़ पंचायत की विभिन्न बस्तियों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही इन समस्याओं के निपटाने के आदेश दिए। उन्होंने दुलैहड़ की पीएचसी में एक प्राइवेट एंबुलेंस उपलब्ध करवाने की घोषणा की, जो रोगियों की सेवा में 24 घंटे हाजिर रहेगी।
उद्योग मंत्री ने कहा दुलैहड़ में 50 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और यह हरोली विधानसभा क्षेत्र का पहला ऐसा गांव होने का गौरव हासिल करेगा, जो रात को भी दुधिया रोशनी से जगमगाएगा। गांव की गलियों और रास्तों की मरम्मत करने के लिए पंचायत को पर्याप्त धनराशि मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दुलैहड़ पंचायत ने हमेशा कांग्रेस को बढ़-चढ़कर लीड दी है और इन विधानसभा चुनावों में भी दुलैहड़ का मतदाता एकजुट होकर कांग्रेस के साथ खड़ा रहा। दुलैहड़ पंचायत के विकास में कोई कसर शेष नहीं रखी जाएगी। अगिभनहोत्री ने कहा कि बीत एरिया में पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए यहां आईपीएच के एक कनिष्ठ अभियंता की अलग से तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि बीत एरिया में नलकूप लगाने के कार्य में तेजी लाई जाएगी, जिससे यहां खेतों को भरपूर पानी मिलने से अन्न उत्पादन को बढ़ावा मिले। इस अवसर पर हरोली ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट धर्म सिंह, अशोक ठाकुर, जिला कांग्रेस महासचिव संतोष बिट्टू, जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी, पंचायत प्रधान सुभाष, उपप्रधान रणदेव काकू एवं वन निगम के निदेशक सुभाष चंद सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।
