
जालंधर: डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 60वें बलिदान दिवस पर आयोजित संकल्प रैली में उमड़े जनसैलाब ने इस रैली को अभूतपूर्व व ऐतिहासिक बना दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव व भीषण गर्मी के बावजूद जिस प्रकार से पूरे पंजाब से भारी संख्या में कार्यकर्त्ता और आम जनता नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए आई, उससे यह सिद्ध हो गया है कि मोदी की लोकप्रियता सिर चढ़ कर बोल रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी की इस ऐतिहासिक रैली ने भाजपा में नया जोश भर दिया है तथा आगामी लोकसभा चुनावों में अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार की शानदार जीत की नींव रख दी है। शर्मा ने प्रदेश के सभी कार्यकत्र्ताओं का हार्दिक धन्यवाद करते हुए कहा कि मात्र 7 दिनों की तैयारी में इस ऐतिहासिक रैली को सफल बनाने का श्रेय भाजपा के संगठन और कार्यकर्त्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि रैली में उम्मीद से अधिक लोगों के आ जाने के कारण सभी प्रबंध नाकाफी हो गए जिस कारण हजारों कार्यकर्त्ताओं को सड़क पर खड़े होकर मोदी को सुनना पड़ा।
