कार्यक्रम में बैनर से अटल, आडवाणी का चित्र नदारद

हमीरपुर। अब देश में मोदी की चल रही हवा कहें या फिर कार्यकर्ताओं की भूल। हमीरपुर में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह में पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के चित्र ही बैनर में नहीं दिखे। गलती का पता चलने पर या किसी के द्वारा ज्ञान करवाए जाने पर बैनर के दोनों ओर दो छोटे-छोटे चित्र लगाकर खानापूर्ति की गई जिसे लेकर चर्चा भी खूब रही। कार्यकर्ताओं से पूछे जाने पर भूल हो जाती है का जुमला सुनने को मिला।
हमीरपुर में मंडल भाजपा द्वारा 108 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए तपवंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मंच पर बड़ा बैनर लगा हुआ था जिसमें सबसे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, फिर चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद एवं भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर का छायाचित्र लगा हुआ था। बैनर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, और हाल तक वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का फोटो नहीं दिख रहा था। बडे़ गौर से देखा तो बैनर के बाहर की ओर किनारों पर दो लेमीनेटिड फोटो टंगे हुए थे जो दूर से पहचाने भी नहीं जा रहे थे। नजदीक आकर ही पहचान हो रही थी। कहा जाए तो पूरे देश के साथ ही प्रदेश की राजनीति में भी नरेंद्र मोदी का असर दिखना शुरू हो गया है। स्वाभाविक भी है, क्योंकि नरेंद्र दामोदर दास मोदी प्रदेश भाजपा के प्रभारी रह चुके हैं और उनकी देखरेख में भाजपा सत्ता पर काबिज हुई थी तथा प्रेम कुमार धूमल पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।

धर्मपुर के कार्यकर्ताओं ने जताया रोष
हमीरपुर। हमीरपुर मंडल भाजपा द्वारा आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान विवाद भी खड़ा हो गया। जिस कारण संसदीय क्षेत्र के तहत धर्मपुर मंडल से आए कार्यकर्ता कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें घर बुलाकर अपमानित किया गया है। धर्मपुर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा, महामंत्री सुखराम, देसराज पलसारा ने कहा कि कार्यक्रम के लिए पत्र लिखकर आमंत्रित किया गया था लेकिन कार्यक्रम में संसदीय क्षेत्र के अन्य मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री को सम्मानित किया गया लेकिन उनकी अनदेखी कर दी गई। उन्हें सम्मानित करने के लिए मंच पर नहीं बुलाया गया। जिस कारण अपमानित महसूस कर रहे हैं, और वापिस लौट रहे हैं। हमीरपुर मंडल अध्यक्ष बलदेव धीमान का कहना था कि कार्यक्रम में पहुंचने की सूचना नहीं मिल पाई होगी, इसी कारण चूक हो सकती है।

Related posts