
नादौन (हमीरपुर)। आधार कार्ड में गलती ठीक करवाने आए दो युवकों ने आधार कार्ड कर्मी की धुनाई कर डाली है। वहीं पुलिस ने मामले की शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय के पास बनाए जा रहे आधार कार्ड कार्यालय में दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई। जब दो युवकों ने आधार कार्ड बना रहे कर्मी से मारपीट शुरू कर दी। आधार कार्ड बना रहे कर्मी अश्वनी कुमार ने बताया कि दो युवक दोपहर दो बजे कार्यालय में आए और अपने आधार कार्ड में गलत छपे फोटो को ठीक करवाने के लिए कहने लगे। जब उन्हें बताया गया कि आधार कार्ड पर छप चुके फोटो को ठीक नहीं किया जा सकता और उन्हें टोल फ्री नंबर पर काल करने के लिए कहा तो वे आपा खो बैठे और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में आधार कर्मी के कपड़े भी फट गए हैं। अश्वनी कुमार ने बताया कि जब तक कोई दोनों युवकों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई। या सुरक्षा का आश्वासन प्रशासन नहीं देता है। तब तक आधार कार्ड केंद्र बंद रहेगा। इसकी शिकायत अश्वनी कुमार ने एसडीएम नादौन तथा पुलिस थाना में कर दी है। वहीं एसडीएम बलवीर ठाकुर ने बताया कि आधार कार्ड बनाने वाले युवक को बुलाया गया है। सारे मामले की जांच की जा रही है ।
