
कांगू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू के एक छात्र की शिक्षक ने चोरी का आरोप लगाकर धुनाई कर डाली। छात्र ने बचने के लिए चोरी का आरोप स्वीकार कर लिया। शिक्षकों की हरकत से झरेड़ी गांव के लोगों ने सोमवार को स्कूल परिसर में पहुंचकर धरना दे दिया और स्कूल प्रधानाचार्य का घेराव किया। स्कूल में कार्यरत एक अध्यापक का पांच सौ रुपये चोरी हो गए। सच्चाई का पता लगाने के लिए एक छात्र पर दबाव डाला। यहां तक कि उसकी पिटाई भी कर डाली। छात्र ने बचने के लिए चोरी का आरोप स्वीकार कर लिया। चोरी छात्र ने नहीं की थी। शिक्षकों ने छात्र से एक माफीनामा भी लिखवाया और छात्र द्वारा एक दिन में खरीदी गई चीजों का ब्यौरा लिखवाया। माफीनामे में लिखी चीजों से प्रतीत नहीं होता कि एक छात्र इतनी चीजें एक दिन में खा गया हो। शनिवार को घर जा कर छात्र ने सारी घटना परिजनों को बताई।
छात्र के पिता सुरेश कुमार, राजेंद्र ठाकुर, कमला देवी, सरोती देवी, सरोज कुमारी, अजय कुमार, कर्ण सिंह सहित पंचायत प्रधान बढेड़ा सुभाष कुमार स्कूल पहुंचे और यहां धरना दे डाला। शिक्षक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थे। जबकि शिक्षकों को कानूनन किसी भी छात्र को पीटने का अधिकार नहीं है। स्कूल परिसर में काफी हंगामा हो गया तो पुलिस नादौन पुलिस स्कूल को रवाना हुई लेकिन पंचायत प्रधान ने मामले को पहले ही शांत करवा दिया। शिक्षकों ने भी छात्र की पिटाई के लिए अपनी गलती स्वीकार कर ली।
उधर स्कूल प्रधानाचार्य रोशन लाल का कहना है कि मामले की शनिवार को ही जानकारी मिल गई थी लेकिन अभिभावकों से संपर्क नहीं हो पाया था। मामला स्कूल में ही सुलझा लिया गया है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबियाल का कहना है कि उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है, प्रधानाचार्य को निर्देश देकर सारी रिपोर्ट ली जाएगी।
