गाड़ी से हिटकर तोड़ डाला दुकान का शटर

कुल्लू। शहर में क्षेत्रीय अस्पताल के पास स्थित देव मेडिकल स्टोर में रविवार देर रात कुछ लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। इन लोगाें ने दुकान के शटर को गाड़ी से हिट कर तोड़ डाला। मेडिकल स्टोर के मालिक ऋषभ कालिया ने पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है।
पुलिस में दर्ज की शिकायत में कालिया ने बताया कि रविवार देर रात को एक व्यक्ति ने उनके दुकान के शटर को जानबूझ कर गाड़ी से हिट कर तोड़ डाला। इससे शटर के साथ-साथ दुकान के अंदरूनी हिस्से में लगे शीशे और काउंटर को नुकसान पहुंचा है। कहा कि देर रात कुछ लोगों ने मेडिकल स्टोर के मालिक को फोन कर दवाईयाें की डिमांड की थी लेकिन देर रात होने पर जब उन्होंने दवाइयां देने में असमर्थता जताई तो इन लोगाें ने गाड़ी से हिट कर शटर को तोड़ दिया। इसमें करीब एक से सवा एक लाख के नुकसान होने का अनुमान है। वहीं डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि मेडिकल स्टोर मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी तरफ ऋषभ कालिया ने कहा कि आरोपी जल्द नहीं पकड़े तो जिले की सभी दुकानें एक दिन के लिए बंद की जाएंगी।

Related posts