
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित टीवीएस के शोरूम में रविवार देर रात चोरों ने सेंधमारी की। शोरूम से कंप्यूटर सिस्टम सहित अन्य दस्तावेज चुरा लिए गए हैं। शोरूम के अंदर बनाए गए पूजा स्थल से नकदी उड़ाई गई है। पुलिस ने मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। इसी शोरूम में लगभग एक माह पूर्व सेंधमारी करते हुए लगभग 70 हजार रुपए की राशि पर हाथ साफ कर दिया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह जब शोरूम के मालिक अपने रोजमर्रा के काम के तहत शोरूम में पहुंचे तो उन्होंने शटर के ताले टूटे पाए। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। शोरूम से एक कंप्यूटर, कुछ जरूरी दस्तावेज और मंदिर से नकदी गायब थी। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है।
शोरूम में 26 मई 2013 को भी चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए लगभग 70 हजार रुपए की राशि पर हाथ साफ कर डाला था।
