
हमीरपुर। कर्मचारी चयन आयोग चंडीगढ़ द्वारा आयोजित चयन परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को मोबाइल के साथ पकड़ा गया। चयन आयोग द्वारा रविवार को सब इंसपेक्टर के पदों के लिए परीक्षा का आयोजन किया गया था। ब्वाय स्कूल में स्थापित परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी को पकड़ा गया जिसके पश्चात केंद्र प्रबंधन से मामला पुलिस के सुपुर्द कर दिया, पुलिस छानबीन कर रही थी लेकिन देर शाम तक मामला दर्ज नहीं हो पाया था।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्वाय स्कूल हमीरपुर में कर्मचारी चयन आयोग चंडीगढ़ द्वारा सब इंस्पेक्टर पदों की भर्ती को रविवार को परीक्षा का आयोजन किया जा रहा था। परीक्षा केंद्र स्टाफ ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी अरुण कुमार को मोबाइल सहित परीक्षा भवन में पकड़ा। परीक्षा के दौरान मोबाइल का उपयोग करते हुए रंगे हाथ दबोचा। चयन आयोग की ओर से अनुक्रमांक के साथ दिशा निर्देशिका भेजी जाती है, जिसमें सभी निर्देशों का स्पष्ट उल्लेख रहता है। परीक्षा केंद्र के बाहर भी मोबाइल न ले जाने की सूचना प्रदर्शित होती है। इसके बावजूद अभ्यर्थी मोबाइल लेकर अंदर गया था।
परीक्षा नियंत्रक द्वारा मामला पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है लेकिन देरशाम तक मामला दर्ज नहीं हो पाया था। उधर, पुलिस अधीक्षक जगतराम का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
