निर्धारित रूट पर नहीं दौड़ रही बसें

हमीरपुर। निगम कर्मचारियों की शार्टेज के चलते हमीरपुर में बसों के रूट प्रभावित हो रहे हैं। प्रतिदिन दो से तीन रूटों पर बसें नहीं दौड़ पा रही है। यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि समस्या के प्रति निगम प्रबंधन को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
स्थानीय लोगों में सुरेश कुमार, रितेश शर्मा, निधि गुप्ता, बबली, प्रदीप सोनी, सुभाष सोनी, काकू, सोनू आदि लोगों का कहना है कि आए दिन हमीरपुर डिपो की बसों के रूट प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों को पैदल सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है या फिर किराए के वाहनों में गंतव्य पर पहुंचना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्रों को हो रही है जो समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों के लिए निशुल्क बस यात्रा का प्रावधान किया गया है लेकिन वास्तव में योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बसों के निर्धारित रूटों पर न चलने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। अधिकतर बसें निर्धारित समय पर रूट पर नहीं चल पा रही है। निगम प्रबंधन द्वारा आनन फानन में चालकों परिचालकों को रूटों पर भेजा जा रहा है। कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है। उन्हें आराम करने तक का समय नहीं मिल पा रहा है। लोगों ने निगम प्रबंधन से मांग की कि डिपो में कर्मचारियों की शार्टेज को जल्द पूरा किया जाए।
उधर, आरएम प्रदीप कुमार ने माना कि कर्मचारियों की शार्टेज के चलते रूट प्रभावित हो रहे हैं। उच्चाधिकारी समस्या से अवगत हैं। आदेश होते ही रिक्त पद भरे जा सकेंगे।

Related posts