
बिझड़ी (हमीरपुर)। मुख्य संसदीय सचिव इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री पुरस्कार मिलने के दावे करते थे लेकिन जनता ने उन्हें विपक्ष में बिठा दिया। लखनपाल ने कहा कि केवल भाषणों से नहीं जनता के बीच ईमानदारी से कार्य करने पर जीत हासिल होती है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में कच्ची सड़कों के उद्घाटन किए गए। समस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर पक्का किया जाएगा। लखनपाल विस क्षेत्र के गारली में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर रहे थे। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो अव्यवस्था फैली है, उसे सही रास्ते पर लाया जाएगा। कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनता से सौहार्दपूर्ण ढंग से व्यवहार करें।
उन्होंने कहा कि विस क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत पर 15 करोड़ की राशि व्यय की जा रही है। सभी कच्ची सड़कों को चरणबद्ध तरीके से पक्का किया जाएगा। विस क्षेत्र में झंगयाणी पुल के लिए दो करोड़ 16 लाख तथा सेहली-बेहड़ पुल के लिए छह करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। पुलों के निर्माण से स्थानीय लोगों को काफी फायदा होगा। दंदवी पुल की डीपीआर तैयार है तथा पुल निर्माण के लिए शीघ्र ही बजट का प्रावधान करवाया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव ने गारली पंचायत के विकास के लिए ऐच्छिक निधि से साढ़े दस लाख रुपये देने की घोषणा की। सामुदायिक भवन के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मैहरे में दस लाख की लागत से सुलभ शौचालय का निर्माण कार्य भी आरंभ किया जा रहा है। मुख्य संसदीय सचिव ने नंदिता शर्मा तथा मंजू कुमारी को शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया।
कार्यक्रम आरंभ होने से पूर्व उत्तराखंड बाढ़ प्रभावितों के प्रति मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिझड़ की ओर से 18 हजार रुपये का चैक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए मुख्य संसदीय सचिव को सौंपा गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक बीडी लखनपाल, जिला महामंत्री कमल पठानिया, सेवादल संयोजक के सुरेंद्र अगिभनहोत्री, ख्याली राम, विपिन डटवालिया, जिला परिषद सदस्य अरविंद कौर, कांग्रेस के नितिन शर्मा, अरविंद डोगरा, बीडीसी सदस्य वंदना शर्मा, वेद प्रकाश अगिभनहोत्री, योगराज कालिया, नरेश कतना, ब्लाक अध्यक्ष सुरजीत, पंचायत उप प्रधान संजय शर्मा, पूर्व जिप सदस्य अमीं चंद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कांशी राम, निक्का राम शर्मा, चौकस राम शर्मा, कुलदीप सिंह, जगजीत सिंह डोगरा, प्रवीण ढटवालिया, सुभाष ढटवालिया, नसीब सिंह, डा. अशोक कुमार, बीडीसी सदस्य सतीश वन्याल, देवराज सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।
