
सलौणी (हमीरपुर)। सलौणी कस्बे में किराए के मकानों में रह रहे प्रवासी लोग संपूर्ण स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा रहे हैं। हालांकि समस्या बारे प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं लाई गई है। ऐसे में बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों में राजेश शर्मा, अशोक सोनी, अजय, रमेल सिंह, मदन लाल, पवन कुमार, जीवन कुमार, संजीव कुमार आदि का कहना है कि कस्बे के कई किराए के मकानों में प्रवासी मजदूर रह रहे हैं। लोगों ने मकान किराए पर प्रवासी मजदूरों को दे रखे हैं लेकिन शौचालयों की कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोग खुले में शौच जा रहे हैं जिससे पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है और स्वच्छता अभियान को भी धत्ता बताया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन को समस्या के बारे में अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बिना शौचालयों वाले भवन मालिकों को नोटिस जारी कर शौचालय बनाना सुनिश्चित करवाया जाए।
पंचायत प्रधान सुखराम शर्मा का कहना है कि ऐसे मकान मालिकों को जल्द ही नोटिस जारी कर शौचालय बनवाने की हिदायत दी जाएगी। संपूर्ण स्वच्छता अभियान खंड बिझड़ी के समन्वयक सतीश कुमार का कहना है कि ऐसे मकान मालिकों पर कड़ी कार्रवाई को उचित दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।
