सुल्तानपुर में स्वच्छता अभियान को ठेंगा

कुल्लू। नगर परिषद कुल्लू के सुल्तानपुर वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। कूड़ेदान की व्यवस्था न होने से वार्ड के लोग यहां-वहां कूड़ा कर्कट फेंक रहे हैं। आलम यह है कि जिला मुख्यालय से सटे सुल्तानपुर वार्ड में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। आलम यह है कि जिला मुख्यालय समेत तमाम कस्बों में आए दिन स्वच्छता अभियान के संदेश दिए जाते हैं लेकिन प्रशासन की नाक तले सुल्तानपुर वार्ड की हालत से हर कोई परेशान है।
शीतला माता मंदिर से सुल्तानपुर जाने वाला लिंक रोड गंदगी के ढेर से भरा पड़ा है। गर्मी की तपिश से यहां से आने-जाने वाले लोग बदबू से परेशान हैं। सुल्तानपुर में रहने वाले ओम प्रकाश, प्यारे लाल, विद्या देवी और संजय कुमार ने कहा कि लंबे समय से यहां गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। बताया कि न तो नगर परिषद ने इस स्थान पर कूड़ेदान की व्यवस्था की है न ही कोई और बंदोबस्त है। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि जल्द यहां कूड़ेदान का इंतजाम किया जाए। नगर परिषद अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि इस समस्या का समाधान शीघ्र करवा दिया जाएगा।

Related posts