महंगाई कम करने वाला हो हमारा सांसद

कुल्लू। जिला में रविवार को अवकाश होने के बावजूद पोलिंग बूथों में दोपहर बाद मतदान कोई खास गति नहीं पकड़ पाया। धीमी गति से चले मतदान में जिला की आनी, बंजार, कुल्लू तथा मनाली विस क्षेत्रों की महिलाएं कामकाज छोड़कर मतदान केंद्रों के लिए वोट करने निकलीं।
महिलाओं ने कहा कि रोजाना बढ़ रही महंगाई से किचन का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। आटा, दाल, तेल, चावल सहित तमाम जरूरी वस्तुएं तथा रसोई गैस महंगी होती जा रही है। महिलाओं ने उम्मीद जताई कि संसद पहुंचने वाला नेता इस बेलगाम महंगाई पर काबू पाने की पहल लोकसभा में उठाएगा। पोलिंग बूथों में मतदाताओं की संख्या कम रही लेकिन पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या अधिक थी। कुछ महिलाएं पति के साथ तो कुछ पड़ोसिनों के साथ गपशप लगाती हुई पोलिंग बूथों तक पहुंची। मतदान केंद्र ढालपुर वोट देने पहुंची मथुरा देवी, सुषमा देवी, कुल्लू कालेज में वोट करने आई सुनीता देवी, सपना देवी और गंगा देवी ने कहा कि मतदान करना उनका अधिकार है लेकिन नेताओं को भी जनता के प्रति अपना कर्तव्य समझना होगा।

Related posts