
भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महल में पुराना भवन छात्रों के सिर पर खतरा बनकर मंडरा रहा है। स्कूल प्रबंधन द्वारा समस्या से अवगत करवाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्कूल परिसर में स्थित खस्ताहाल भवन हादसे का कारण बन सकता है और फिर जांच, दोषी को ढूंढने की प्रक्रिया शुरू होगी।
महल स्कूल में वर्तमान में 250 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल परिसर में छात्रों के लिए लगभग पर्याप्त भवन उपलब्ध है लेकिन स्कूल परिसर में ही पुराना खस्ता हाल भवन भी स्थित है। परिसर के मध्य स्थित होने के कारण भवन के पास से छात्रों का आना जाना लगा रहता है। भवन खस्ताहाल है तथा बारिश के मौसम में अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता लेकिन भवन की जर्जर हालत के बावजूद डिसमेंटल नहीं किया जा सका है। स्कूल प्रबंधन की ओर से एसएसए जेई को भी समस्या के संबंध में पत्र लिख कदम उठाने का आग्रह किया गया था परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्कूल प्रबंधन भी फालोअप करने के बजाय पत्र लिख काम पूरा करता है।
यही नहीं स्कूल के साथ ही निचली तरफ बने डंगे पर नियमों को ताक पर रख टैंक का निर्माण कर दिया है। टैंक को ढका भी नहीं गया है। डंगे से नीचे करीब 60 फीट गहरी खाई है। ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है लेकिन संबंधित विभाग समस्या से अनभिज्ञ बना बैठा है।
उधर, स्कूल प्रधानाचार्य विजय कुमार का कहना है कि क्षतिग्रस्त भवन के बारे उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। निर्देश मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर आरसी तबियाल का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की ओर से भेजे गए मसले पर जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कैसी है आपके स्कूल भवन की हालत … हमें बताएं
यदि आपके आसपास स्थित स्कूल भवन की हालत खस्ता है, बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। बार-बार आग्रह के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है तो हमें बताएं, हम आपकी समस्या को बेहतर ढंग से विभाग के समक्ष उठाएंगे। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को लेकर आप हमें अपनी प्रतिक्रिया भी भेज सकते हैं। विभाग को सुझाव भी दिए जा सकते हैं, आप हमें निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यालय दूरभाष….01972-221540, फैक्स…..01972-221720
