
सुजानपुर (हमीरपुर)। सड़क हादसे में जवान बेटे की मौत से परिवार पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एक पल तो किसी को विश्वास नहीं हुआ लेकिन बाद में विश्वास करना ही पड़ा। हादसे की सूचना मिलने के पश्चात परिजनों के साथ ही गांव वासी भी स्तब्ध हैं। क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। रोहित भाटिया ऊर्फ रिक्कू, पुत्र प्रीतम चंद शिमला में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। शनिवार को एक सड़क हादसे में रोहित की मौत हो गई।
रोहित की माता गृहिणी हैं तथा कुछ दिन पहले ही बेटे के पास शिमला गई थीं। उन्हें क्या पता था, कि कुछ ही दिनों में उनका बेटा अकाल मौत का ग्रास बनने वाला है। रोहित के पिता स्टेट बैंक आफ इंडिया हमीरपुर में कार्यरत हैं। रोहित की एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है तथा एक भाई है जो अभी अध्ययनरत है। हादसे में रोहित की मृत्यु की सूचना के बाद से ही परिजन, रिश्तेदार आहत हैं। घटना की सूचना गांव वासियों को भी मिल चुकी है, जिसके बाद गम का माहौल बना हुआ है।
