
अर्की (सोलन)। अर्की किसान सभा ने केंद्र तथा प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। शनिवार को अर्की स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह मेें आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसान नेता रामकृष्ण शर्मा ने प्रदेश सरकार से बढ़ती बिजली दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की है। वहीं किसान सभा ने सर्विस टैक्स तथा मीटर रेंट के नाम पर की जा रही वसूली का विरोध किया है।
किसान नेता रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि खाद बीज की बढ़ती कीमतों के कारण किसानों की हालत दयनीय होती जा रही है। उन्होंने इसके लिए नव उदारवादी नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि महंगाई के कारण किसानों का खेती करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय विस क्षेत्र में अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों की हालत खराब हो चुकी है। इसके अतिरिक्त सीमेंट उद्योग प्रभावित किसानों एवं परिवारों का लंबित भूमि मुआवजा शीघ्र देने के बारे में भी सभा द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया। केंद्र सरकार के पास लंबित भूमि अधिग्रहण कानून को तुरंत पारित करने की मांग भी किसान सभा पदाधिकारियों ने उठाई। इस मौके पर रामकृष्ण शर्मा, रूप चंद ठाकुर, चंदु राम, लच्छी राम, जगदीश, प्रेम चंद, केशव राम, जीत राम, दिलीप कुमार, संत राम, जयचंद, राज कुमार, हरदेव, रामानंद, सतीश और जीवन लाल आदि मौजूद रहे।
