रूसा को लेकर एबीवीपी गुस्सा

कुल्लू। रूसा (राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा) अभियान पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र हो गई है। शनिवार को भी विद्यार्थी परिषद ने रूसा के विरुद्ध आंदोलन जारी रखा। एबीवीपी ने कालेज परिसर में विवि और कालेज प्रशासन के खिलाफ पहले जमकर नारेबाजी की तथा बाद में दोनों के पुतले फूंके। इस दौरान एबीवीपी ने कालेज प्राचार्या धनेश्वरी शर्मा के समक्ष मांगें भी रखीं।
एबीवीपी ने आरक्षित सीटें 60 से बढ़ाकर 120 करने तथा प्राईवेट छात्रों को कालेज में प्रवेश देने की मांग की। एबीवीपी के इकाई सचिव प्रेम प्रकाश ने विवि और कालेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद भूख हड़ताल पर बैठेगी और आंदोलन को उग्र कर देगी। प्रेम प्रकाश ने बताया कि विवि और प्रदेश सरकार का यह रवैया शिक्षा के व्यापारीकरण को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का मेरिट लिस्ट में नाम नहीं है उन्हें भी दाखिला नहीं दिया जा रहा है। यह छात्रों के साथ अन्याय है। एबीवीपी का कहना है कि प्रथम वर्ष में फेल होने वाले छात्रों के लिए रूसा प्रणाली में कोई प्रावधान नहीं है। एबीवीपी ने विवि और कालेज प्रशासन से मांग की है अगर जल्द मांगों पर गौर नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, अनुराग शर्मा, अनीश शर्मा, आर्य, निवेश, राजकुमार, राज सोनी, धीरज, निशांत चंदेल, आशीष और रोमिल महंत सहित भारी संख्या में परिषद के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Related posts