डीए अदा नहीं किया तो आंदोलन

कुल्लू। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कल्याण मंच की कुल्लू शाखा की मासिक बैठक में सरकार से लंबित पड़े मेडिकल बिलों की अदायगी जल्द करने की मांग की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सूद ने की। मंच ने निगम प्रबंधन एवं राज्य सरकार के रवैये पर रोष जताया। बताया कि पेंशन की अदायगी 19 जून को की गई। इससे साफ है कि राज्य सरकार पेंशनरों के हितों से कितना खिलवाड़ कर रही है।
मंच के उपाध्यक्ष सुरेंद्र ने कहा कि यदि निगम प्रबंधन और राज्य सरकार पेंशनरों के 35 माह का तीस फीसदी डीए तथा मेडिकल बिलों का भुगतान जल्द नहीं करती है तो पेंशनर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेताया कि कर्मचारियों के पेंशन का एरियर तथा 2006 से पहले के पेंशनरों की पेंशन की बकाया राशि 30 जून से पहले नहीं देते हैं तो पूर्व निर्धारित धरना मुख्य कार्यालय के प्रांगण में किया जाएगा। मंच ने राज्य सरकार और निगम से मांग की है कि जिस तरह बिजली बोर्ड को पेंशन के लिए बजट सत्र में प्रावधान किया जाता है उसी तरह परिवहन निगम भी पेंशनरों के लिए बजट में प्रावधान करें। इस मौके पर नारायण दास, मदन लाल, मधुवन, नरेंद्र सूद, सुभाष सूद, मोती राम, चेत राम, गोकल चंद, ईश्वरी प्रसाद, सुखदास, ध्यान पाल, संत लाल, प्रेम चंद, सुनीता देवी, सुख सागर, ज्ञान चंद, उधम सिंह, सुरेंद्र सिंह और भोला राम भी मौजूद रहे।

Related posts