
अंब (ऊना)। गगरेट-मुबारिकपुर मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर स्कूल बस से जा टकराई। हादसे में एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कूल बस में सवार 45 छात्र बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार डीएवी अंबोटा स्कूल की बस शनिवार दोपहर स्कूल से छुट्टी होने के बाद बच्चों को लेकर अंब की तरफ आ रही थी कि तीखे मोड़ पर सामने से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। बस के साथ टकराने के बाद अनियंत्रित कार सड़क के किनारे बने पैरापिट से टकरा कर रुक गई। अगर कार पैरापिट से न टकराती तो 50 फीट खाई में गिर जाती। दुर्घटना में कार चालक के साथ गाड़ी में सवार एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। कार में बैठी अन्य दो लड़कियां सुरक्षित हैं। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में गगरेट एफआरयू ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया है।
अंब थाना के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि स्कूल बस के चालक प्रदीप कुमार का ब्यान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
