बिजली बहाल न होने पर भड़के ग्रामीण

काजा (लाहौल स्पीति)। स्पीति वैली में बिजली की आपूर्ति बहाल होने में हो रही देरी पर ग्रामीण भड़क उठे। शुक्रवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने काजा में एडीएम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रोष जताया। ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल न होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।
स्पीति वैली में करीब एक हफ्ते से बिजली गुल है। भारी बारिश से किन्नौर-काजा लाइन टूटने से आपूर्ति बाधित हुई है। हफ्ते भर से बिजली का इंतजार कर रहे लोगों का गुस्सा आखिर शुक्रवार को बोर्ड के खिलाफ फूट पड़ा। गांव-गांव से सैकड़ों की तादाद में पहुंचे लोगों ने काजा में बिजली बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। काजा बाजार और एडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने एडीएम को ज्ञापन दिया, जिसमें आपूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई है। व्यापार मंडल प्रधान राजेश कुमार, प्रधान काजा पदमा दोरजे, टीएसी मेंबर सोहन सिंह, डबला तरगेय आदि ने कहा कि हफ्ते भर से स्पीति वैली में बिजली नहीं है। इसके चलते लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है। मौसम साफ होने के बावजूद बोर्ड अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया। इधर, रोंगटोंग प्रोजेक्ट से भी कुछेक क्षेत्रों में बिजली दी जा रही है, जबकि इस प्रोजेक्ट से बारी-बारी से गांवों को बिजली दी जा सकती है। कार्यवाहक एडीएम एवं एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि जब तक किन्नौर-काजा लाइन जुड़ नहीं जाती, बिजली बोर्ड को प्रोजेक्ट से बारी-बारी से गांवों में बिजली आपूर्ति करने को कहा गया है।

Related posts