रिकांगपिओ में हफ्ते से पानी नहीं

रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में प्राकृतिक आपदा के बाद अब लोगों को पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। काशंग नाले में गत दिनों भारी बारिश से आई बाढ़ से करीब ढाई सौ मीटर पेयजल लाइन टूट गई है। इसके चलते रिकांगपिओ मुख्यालय में करीब एक हफ्ते से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। हालांकि, आईपीएच विभाग ने दो टैंकरों से जलापूर्ति शुरू कर दी है, लेकिन इनसे आठ से दस हजार की आबादी को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय निवासियों ने और टैंकर लगवाने समेत टूटी लाइन को जोड़ने का कार्य युद्ध स्तर पर करने की मांग की है। होटल व्यवसायी यशवंत सिंह, रंजीत सिंह, विजय कुमार, मनीष नेगी, कौल राम नेगी, अनिल कुमार, भारत भूषण, श्यामानंद, बीरबल कुमार, गीता सिंह और राजेंद्र सिंह ने कहा कि उनके यहां करीब एक हफ्ते से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। वे यहां-वहां से पानी ढोकर गुजारा करने के लिए मजबूर हैं। हालांकि, पानी देने के लिए आईपीएच विभाग के टैंकर भी आते हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आईपीएच पर पेयजल आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वीआईपी कालोनी को छोड़कर कहीं भी पर्याप्त पानी नहीं दिया जा रहा है। साथ ही कहा कि विभाग ने आठ से दस हजार लोगों को पानी देने के लिए महज दो टैंकर ही लगा रखे हैं। जबकि, कम से कम आधा दर्जन टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जानी चाहिए थी। आईपीएच विभाग रिकांगपिओ के एक्सईएन सतपाल शर्मा ने बताया कि टैंकरों के माध्यम से सभी लोगों को पानी देने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जहां तक क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की बात है, तो इसको जोड़ने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

Related posts