अतिक्रमणकारी दुकानदारों पर कसा शिकंजा

सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को तहसीलदार और नपं के अधिकारियों ने शहर का औचक निरीक्षण किया। जिन दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान रखा था उसे हटाया गया। निकासी नालियों पर रखे लोहे के जंगलों को भी नपं अधिकारियों ने हटा लिया जिससे दुकानदार सामान बाहर न रख सकें। इसके अलावा खाली पड़ी तथा स्थायी रूप से लगाई गई रेहड़ियों को हटाने के निर्देश भी नगर पंचायत को दिए गए। तहसीलदार ने नपं को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान एक दर्जन के खिलाफ कार्रवाई हुई। दुकानदारों का सामान हटाया गया, जिन रेहड़ी धारकों की पर्ची नहीं कटती है उनका सामान भी हटाया गया।
प्रशासन की चेतावनी के बाद 21 जून को सुबह ही कई दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान नहीं सजाया था और जिन दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान सजाया उन्हें टीम द्वारा चेतावनी दी गई तथा जिन दुकानदारों ने चेतावनी के बावजूद सामान नहीं हटाया उनका सामान नपं कर्मचारियों ने हटवा दिया। दुकानों के बाहर निकासी नालियों पर लगाए लोहे के जंगलों को हटाया गया। निरीक्षण टीम में तहसीलदार सहित नपं पदाधिकारी और दमकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
उधर, तहसीलदार राजीव ठाकुर का कहना है कि निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों का सामान हटाया गया है। वहीं नपं को भी सख्त हिदायत दी गई है कि तह बाजारी के तहत रेहड़ी फहड़ी धारकों की रेहड़ियां एक स्थान पर न लगाई जाएं और अवैध रेहड़ियों को हटाया जाए जिससे अतिक्रमण से छुटकारा मिल सके।

Related posts