
टौणीदेवी (हमीरपुर)। काले अंब में मंदिर की सराय के बीच आए बिजली के पोल को हटाने गए कर्मियों को बैरंग लौटा दिया। बिजली कर्मियों के पहुंचते ही ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए तथा कड़ा विरोध किया। इसके चलते पोल हटाने की मुहिम फेल हो गई।
काले अंब में मंदिर सराय का निर्माण एक साल पहले शुरू किया गया था लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ ही रास्ते को लेकर विवाद छिड़ गया तथा ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों ने तोड़ने का प्रयास किया था। एसडीएम व पुलिस को मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाना पड़ा था। इसी सराय के मध्य बिजली के पोल को भी रहने दिया गया था। काम बंद होने के बाद एक बार फिर मामला गर्मा गया, जब बिजली बोर्ड के कर्मचारी पोल को हटाने के लिए गए तो वहां ग्रामीण काफी संख्या में एकत्र हो गए तथा पोल को हटाने नहीं दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि सराय के साथ ही पोल हटाने का विरोध किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस संबंध में एसडीओ टौणीदेवी एस वर्मा का कहना है कि पंचायत प्रधान ने पोल को हटाने का आग्रह किया था लेकिन ग्रामीणों ने नहीं हटाने दिया।
